ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री निवास में देर रात 2 बजे तक चली मैराथन बैठक, मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं पर बोले मंत्री-‘सब सेफ है

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास पर गुरुवार देर रात एक हाई लेवल मैराथन बैठक आयोजित की गई, जो करीब पांच घंटे तक चली और देर रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई।

इस बैठक में मुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अचानक इतनी देर रात तक चली इस बैठक के कारण राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं और अटकलों ने जोर पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रदेश और प्रदेश के बाहर दौरे पर गए कुछ मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था, जिसके चलते इसे काफी अहम माना जा रहा था। हालांकि, बैठक के बाद नेताओं ने इसे पूरी तरह से नियमित और संगठनात्मक समीक्षा बैठक बताया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ऐसी बैठकें समय-समय पर होती रहती हैं और यह पहली बार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक रणनीति और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की गई।

मंत्रियों और विधायकों को उनके प्रभार क्षेत्रों में अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों, सरकार की योजनाओं और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। उन्होंने इसे पूरी तरह रूटीन बैठक करार दिया।

मंत्री रामविचार नेताम ने अटकलों पर विराम लगाते हुए मुस्कुराते हुए कहा-“सब मुस्कुराइए, सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने साफ किया कि फेरबदल या किसी तरह की राजनीतिक अस्थिरता की चर्चाएं पूरी तरह निराधार हैं।

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में मंत्रियों के दौरे, क्षेत्रीय गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। हालांकि बैठक के अचानक देर रात तक चलने और सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में हलचल जरूर बढ़ा दी, लेकिन सरकार की ओर से इसे पूरी तरह सामान्य और नियमित प्रक्रिया बताया गया है।

Related Articles

Back to top button