ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ पर्यटन का रोड शो: संस्कृति, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं ने खींचा ध्यान

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने उद्योग संगठन फिक्की के सहयोग से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के मेफेयर कन्वेंशन सेंटर में भव्य पर्यटन रोड शो का आयोजन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थलों और पर्यटन निवेश की संभावनाओं को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी, ट्रैवल एजेंट्स, मीडिया प्रतिनिधि और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। रोड शो का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और ओडिशा-छत्तीसगढ़ के बीच पर्यटन सहयोग को मजबूत बनाना था।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ओडिशा के पर्यटन कारोबारियों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और पर्यटक समूहों को राज्य में लाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए सरकार और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। संयुक्त पर्यटन गतिविधियों से दोनों राज्यों के आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत होंगे।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारती दासन ने कहा कि राज्य सरकार अनुभव-आधारित और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय जीवन, आध्यात्मिक पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का अनूठा संगम है। उन्होंने ओडिशा में भी पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित करने की योजना की जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत बनाने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं बी-टू-बी नेटवर्किंग सत्र में दोनों राज्यों के पर्यटन हितधारकों के बीच संयुक्त पर्यटन पैकेज, निवेश और व्यावसायिक साझेदारी पर चर्चा हुई। पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और एडवेंचर पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में गहरी रुचि दिखाई।

Related Articles

Back to top button