StateNewsदेश - विदेश

कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का दावा

X पर अभिजीत दीपके बोले- अकाउंट एक्सेस नहीं हो रहा; इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स 2.18 करोड़ पहुंचे

दिल्ली। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के हैक होने का दावा किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सुबह करीब 8:25 बजे X पर पोस्ट कर कहा कि वे CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि अकाउंट यूजर्स को दिखाई दे रहा है।

इधर, विवाद और चर्चाओं के बीच पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार सुबह 10 बजे तक इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स की संख्या 2 करोड़ 18 लाख पहुंच गई। वहीं X पर भी पार्टी के नए अकाउंट के 1.94 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।

अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें व्हाट्सऐप पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कथित धमकी वाले मैसेज के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए थे। उनके माता-पिता ने भी बेटे की गिरफ्तारी और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

पार्टी ने हाल ही में NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए ऑनलाइन पिटीशन भी शुरू की है। शनिवार सुबह तक इस पिटीशन पर 5.68 लाख से ज्यादा लोगों ने साइन किए।

इससे पहले 21 मई को CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद नया अकाउंट “Cockroach Is Back” नाम से बनाया गया, जिसकी बायो लाइन थी- “Cockroach Don’t Die” यानी कॉकरोच मरते नहीं।

दरअसल, 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सूर्यकांत की युवाओं पर की गई “कॉकरोच” टिप्पणी के बाद यह डिजिटल अभियान शुरू हुआ था। कुछ ही दिनों में यह सोशल मीडिया पर बड़ा ट्रेंड बन गया। फिलहाल CJP बेरोजगारी, पेपर लीक और युवा असंतोष जैसे मुद्दों को लेकर ऑनलाइन कैंपेन चला रही है।

Related Articles

Back to top button