सूर्यवंशी ने तोड़ा सिक्स का रिकॉर्ड, राहुल का 8वां 500+ रन वाला IPL सीजन

दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने 193 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में कई बड़े रिकॉर्ड बने।
राजस्थान के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 44 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ ही वे एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने अभिषेक शर्मा का 42 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। खास बात यह रही कि सूर्यवंशी ने इस सीजन तीसरी बार अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया।
दिल्ली के बल्लेबाज केएल राहुल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए IPL में 8वीं बार 500+ रन पूरे किए। वह अब सबसे ज्यादा 500+ रन वाले सीजन खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
इस मामले में सिर्फ विराट कोहली उनसे आगे हैं। राहुल ने राजस्थान के खिलाफ अपना 9वां 50+ स्कोर भी बनाया और IPL में 50 बार 50+ स्कोर करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने।
राजस्थान के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने टी-20 क्रिकेट में अपने 4000 रन पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 129 पारियों में हासिल की। वहीं कप्तान रियान पराग ने 23 गेंदों में IPL करियर की सबसे तेज फिफ्टी लगाई।





