MP-राजस्थान समेत 9 राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट, कई शहरों में पारा 45°C पार

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत मैदानी इलाकों के 9 राज्यों में सोमवार को हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र के विदर्भ-मराठवाड़ा और तेलंगाना में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4°C रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के बीकानेर और बाड़मेर में पारा 45°C तक पहुंच गया, जबकि मध्य प्रदेश के खंडवा में तापमान 44.5°C दर्ज हुआ।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भी पारा 45°C के करीब रहा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
इधर बिहार में उमस और गर्मी का असर बच्चों पर भी दिखा। शेखपुरा के कस्तूरबा स्कूल में गर्मी के कारण 27 छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। सभी छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मई को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र में लू चलने की संभावना है। वहीं झारखंड में तेज आंधी, अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने और बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।
दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।



