StateNewsदेश - विदेश

60 साल बाद केरल में पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ, वीडी सतीशन आज लेंगे CM पद की शपथ

दिल्ली। केरल में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता वीडी आज तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सुबह 10 बजे होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री समेत 21 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। सतीशन केरल के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। खास बात यह है कि करीब 60 साल बाद राज्य में पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ लेने जा रही है।

नई सरकार में 6 सहयोगी दलों को जगह मिली है। इनमें कांग्रेस के 12 मंत्री शामिल होंगे। कैबिनेट में 14 नए चेहरे पहली बार मंत्री बनेंगे।

इनमें सीपी जॉन, एन. शमसुद्दीन, के.एम. शाजी, पी.के. बशीर, वी.ई. अब्दुल गफूर, पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन और बिंदु कृष्णा जैसे नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पद भी अपने पास रखे हैं। तिरुवनचूर राधाकृष्णन को स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तिरुवनंतपुरम पहुंच चुके हैं। इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री, तेलंगाना के मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे “बड़ा जलसा” बताया है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता शशि थरूर विदेश दौरे के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।

राज्य में नई विधानसभा के अध्यक्ष का चुनाव 22 मई को होगा, जबकि राज्यपाल का अभिभाषण 29 मई को प्रस्तावित है। नई सरकार जून के पहले सप्ताह तक अपना बजट पेश कर सकती है।

Related Articles

Back to top button