लेमरू में CM साय की चौपाल: बोले- जनता की सेवा ही सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को कोरबा जिले के दूरस्थ ग्राम लेमरू पहुंचे, जहां उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार बनी है और लोगों की सेवा करना सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक चलेगा, जिसके जरिए गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार परिवार के मुखिया की तरह लोगों के सुख-दुख और जरूरतों का ध्यान रख रही है। इसी भावना से वे खुद भी अचानक गांवों में पहुंचकर पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, वनवासियों और गरीब परिवारों के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है।
वहीं प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की गई है और किसानों से रिकॉर्ड मूल्य पर धान खरीदी हो रही है।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लेमरू क्षेत्र के लिए एनीकट निर्माण, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, विद्युतीकरण, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड और पुलिया निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट देकर सम्मानित किया।
साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि उपकरण, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, पंप, पावर स्प्रेयर और स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





