ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रशासनिक दक्षता का सम्मान: मुख्य सचिव ने ई-ऑफिस और समयबद्धता के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

यह सम्मान ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के त्वरित निराकरण और कार्यालयीन समय की प्रतिबद्धता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया।

मुख्य सचिव ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि समयबद्धता और अनुशासन बेहतर कार्य संस्कृति की पहचान है और अन्य कर्मचारियों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग में समाज कल्याण विभाग ने पहला स्थान हासिल किया। गृह विभाग दूसरे और परिवहन विभाग तीसरे स्थान पर रहे।

व्यक्तिगत श्रेणी में संयुक्त एवं अपर सचिव वर्ग में आदिम जाति विकास विभाग के भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम स्थान पर रहे। वहीं अल्पसंख्यक विकास विभाग के अनुपम त्रिवेदी दूसरे और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के श्री सचिदानंद आलोक तीसरे स्थान पर रहे।

उप सचिव वर्ग में वन विभाग के दूरदेशी राम सोन्टापर ने पहला स्थान प्राप्त किया। अवर सचिव श्रेणी में विधि विभाग के अरुण कुमार मिश्रा और अनुभाग अधिकारी वर्ग में नंदकुमार मेश्राम को प्रथम स्थान मिला।

सचिवालय सहायक और तकनीकी श्रेणी में सहायक अनुभाग अधिकारी श्रीमती रेखा देवांगन, वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री दौलत राम वर्मा, कनिष्ठ सचिवालय सहायक प्रमोद कुमार और डाटा एंट्री ऑपरेटर माया देवांगन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

समयबद्ध उपस्थिति रैंकिंग में सुश्री कांति सूर्यवंशी प्रथम रहीं। कार्यक्रम में प्रशासनिक कार्यों में तकनीक आधारित दक्षता और जवाबदेही को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button