StateNewsदेश - विदेश

सोना 9 हजार और चांदी 22 हजार महंगी, इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का असर

दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% किए जाने के बाद सर्राफा बाजार में भारी उछाल देखने को मिला है।

बुधवार को जारी आदेश के बाद 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 9 हजार रुपए बढ़कर 1.60 लाख रुपए पहुंच गई, जबकि 1 किलो चांदी का भाव 22 हजार रुपए चढ़कर 2.87 लाख रुपए हो गया।

सरकार ने सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इससे कुल प्रभावी टैक्स 15% हो गया है।

इससे पहले 2024 के बजट में इंपोर्ट ड्यूटी घटाकर 6% की गई थी। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना और सोने के आयात को नियंत्रित करना है। अमेरिकी-ईरान तनाव के बीच डॉलर पर दबाव बढ़ने के कारण यह कदम उठाया गया है।

सरकार के नए IGST नियमों ने भी बैंकों और बुलियन कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सोना आयात करते ही 3% IGST तुरंत जमा करना पड़ रहा है, जिससे बैंकों की बड़ी रकम फंस रही है।

इसके चलते कई बैंकों ने फिलहाल सोने का आयात रोक दिया है। अप्रैल में सोने का आयात घटकर केवल 15 टन रहने का अनुमान है, जो कोविड काल को छोड़कर पिछले 30 वर्षों में सबसे कम माना जा रहा है।

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि टैक्स बढ़ने से तस्करी का खतरा भी बढ़ सकता है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, ऊंची कीमतों के कारण मांग कमजोर पड़ सकती है।

इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों को देशहित में सोने की खरीद कम करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button