रायपुर में महापौर का साला गिरफ्तार, मितानिन के घर में रखा था बम बनाने का सामान

रायपुर। रायपुर में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला रॉ-मटेरियल मिलने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से पकड़ा गया। विनय देवांगन कांग्रेस नेता और बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था और इस मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, वायर, बैटरी, एयरगन और केमिकल जब्त किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में रहने वाली मितानिन पुष्पा साहू के घर 6 मई की शाम विनय देवांगन एक बैग लेकर पहुंचा था।
उसने बैग कुछ समय के लिए रखने की बात कहकर वहां छोड़ दिया और चला गया। बैग संदिग्ध लगने पर पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी।
अगले दिन पार्षद स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर देखा तो उसमें एयरगन, वायर, बैटरी, दो बोतल केमिकल और डेटोनेटर जैसी सामग्री मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की जांच की गई। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
आखिरकार 12 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी का मकसद क्या था और कहीं वह किसी बड़े नेटवर्क या आपराधिक गतिविधि से तो जुड़ा नहीं था। पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।



