StateNewsदेश - विदेश

किश्तवाड़ में आतंकियों का मददगार शिक्षक गिरफ्तार, पुंछ में घुसपैठ नाकाम

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी स्कूल के एक शिक्षक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के आतंकियों को पनाह, खाना और अन्य लॉजिस्टिक मदद देने का आरोप है।

गिरफ्तार शिक्षक की पहचान मशकूर अहमद के रूप में हुई है, जो इंदरवाल इलाके के एक सरकारी स्कूल में तैनात था। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह चटरू इलाके में सक्रिय आतंकियों को लगातार मदद पहुंचा रहा था। यह कार्रवाई 4 फरवरी 2026 को डिच्छर-चटरू में हुए एनकाउंटर की जांच से जुड़ी है, जिसमें आतंकी आदिल मारा गया था।

सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि मशकूर अहमद का संपर्क जैश कमांडर सैफुल्लाह से था। आरोपी के घर से सैफुल्लाह की एक तस्वीर भी बरामद हुई है, जिसमें उसे नोटों की माला पहनाई गई थी।

जांच एजेंसियां इसे आतंकी नेटवर्क से करीबी संबंध का अहम सबूत मान रही हैं। सैफुल्लाह फरवरी 2026 में सेना के ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ में मारा गया था। उसे कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था।

इधर, पूंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। सेना ने एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया, जबकि दूसरा घायल हो गया। मारे गए आतंकी के पास से IED से जुड़ा सामान बरामद किया गया है।

भारतीय सेना ने हाल के महीनों में किश्तवाड़ और आसपास के इलाकों में कई बड़े ऑपरेशन चलाकर आतंकी नेटवर्क को कमजोर किया है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF संयुक्त अभियान के जरिए लगातार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button