ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवती के पिता पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने दिनदहाड़े गैरेज में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कुदुदंड पानी टंकी क्षेत्र निवासी साहिल मरावी एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने शुरुआत में अपना सरनेम बदलकर खुद को साहिल मानिकपुरी बताया और इसी पहचान के साथ युवती के परिवार से संपर्क किया। बाद में जब परिवार को उसकी वास्तविक पहचान की जानकारी मिली तो उन्होंने विवाह प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर परिवार ने मकान बदलने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। इसी बीच सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक बनवाने पहुंचे थे।

इसी दौरान साहिल चाकू लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने सीने और पीठ पर लगातार छह वार किए। गंभीर रूप से घायल मोहितदास को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन गैरेज में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में वह गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट भी आई।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले भी आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की थी और इसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि पुलिस ने इस दावे से इनकार किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button