ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान

“मंथ ऑफ सोलर” अभियान में शानदार प्रदर्शन, पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड से होगा सम्मानित

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर : मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित “मंथ ऑफ सोलर” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राज्य ने मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ का चयन पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय से यह सफलता संभव हो सकी है। राज्य में बड़ी संख्या में वेंडरों के पंजीयन से योजना का दायरा तेजी से बढ़ा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जुड़ने में आसानी होगी।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीमवर्क, समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली के कारण छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण अनुकूल छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली योजनाएं न केवल नागरिकों के बिजली खर्च को कम करेंगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाकर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को भी मजबूत करेंगी।

Related Articles

Back to top button