सुशासन तिहार में बीजापुर के सुदूर गांव कोण्डापल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री साय

चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ; कहा- सरकार खुद पहुंच रही है जनता के द्वार
बीजापुर। बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम कोण्डापल्ली में मंगलवार को सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके अनुभव भी साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को अपने अधिकारों के लिए भटकना न पड़े। इसी सोच के साथ सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनका समाधान कर रही है।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड तथा किसान हितग्राही योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ हितग्राहियों को वितरित किए। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से चर्चा कर यह भी जाना कि योजनाओं का उनके जीवन पर क्या प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ सही समय पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को शासन की संवेदनशीलता महसूस हो।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



