CM विजय ने बदला मॉर्निंग शो का नियम, तृषा की फिल्म को मिली खास अनुमति

दिल्ली। सीएम जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद तमिल फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विजय सरकार ने अभिनेत्री तृषा कृष्णन की फिल्म करप्पू के लिए सुबह 9 बजे के मॉर्निंग शो की विशेष अनुमति दी है।
तमिलनाडु में पिछले तीन वर्षों से मॉर्निंग शो पर प्रतिबंध लागू था। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री विजय का आभार जताया।
पोस्ट में लिखा गया कि मुख्यमंत्री थिरु जोसेफ विजय ने ‘करप्पू’ को सुबह 9 बजे स्क्रीनिंग की स्पेशल परमिशन दी है। फिल्म 14 मई को रिलीज हो रही है और पहले दिन से ही इसके मॉर्निंग शो शुरू होंगे। फिल्म में तृषा के साथ सूर्या मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
दरअसल, तमिलनाडु में साल 2023 से मॉर्निंग शो पर रोक लगी हुई थी। उस समय के सुबह साढ़े चार बजे वाले शो के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें एक फैन की मौत हो गई थी। इसके बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सरकार ने सुबह के शो पर प्रतिबंध लगा दिया था।
अब विजय सरकार द्वारा इस नियम में दी गई छूट ने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। इसकी वजह विजय और तृषा कृष्णन के रिश्तों को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाएं भी हैं।
दोनों ने कभी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया, लेकिन कई मौकों पर साथ नजर आने के कारण उनके अफेयर की खबरें लगातार सुर्खियों में रही हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का यह पहला बड़ा फिल्मी फैसला माना जा रहा है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।



