ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ BJP कोर कमेटी में बड़ा बदलाव, नए चेहरों की एंट्री

रायपुर। रायपुर में हुई भाजपा की कोर कमेटी और प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों के बाद संगठन में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं।

पार्टी की नई कोर कमेटी में मंत्री ओपी चौधरी, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को शामिल किया गया है। वहीं कई पुराने नेताओं की बैठक से गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, विक्रम उसेंडी, रेणुका सिंह और गौरीशंकर अग्रवाल जैसे वरिष्ठ नेता शामिल नहीं हुए।

इसके बाद यह माना जा रहा है कि पार्टी संगठन में व्यापक पुनर्गठन की तैयारी कर रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कोर कमेटी के पुनर्गठन की पुष्टि भी की है।

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ में सत्ता और संगठन दोनों को लेकर फीडबैक लिया है। इसी आधार पर अब नए नेताओं को जिम्मेदारी देने और कुछ चेहरों को राष्ट्रीय राजनीति में आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा को संगठन में बड़ी भूमिका मिलने की चर्चा तेज है। प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

भाजपा महिला और आदिवासी चेहरों को आगे लाकर सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा अब 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन और सरकार दोनों में संतुलन बनाने की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button