रायपुर में IPL का रोमांच: स्टेडियम में सेलिब्रिटीज की धूम; 1500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 10 साल बाद फिर आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है।
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
मैदान में जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा का जलवा देखने मिलेगा, वहीं स्टेडियम में सेलिब्रिटीज की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सूत्रों के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह मैच देखने पहुंच सकती हैं। वहीं मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने अंबानी परिवार के आने की भी संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कई बॉलीवुड हस्तियों के भी रायपुर पहुंचने की चर्चा है।
मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी हाई अलर्ट पर है। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।
आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के 8 आईपीएस अफसरों के साथ 20 राजपत्रित अधिकारी और करीब 1500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल संभालेंगे।
स्टेडियम और आसपास के इलाकों में 1200 जवान तैनात रहेंगे, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम पहुंचने के 5 प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं और प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं।
रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, धमतरी, महासमुंद और जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग और रूट प्लान तैयार किया गया है। VIP और पास धारकों के लिए विशेष मार्ग भी आरक्षित किए गए हैं।



