ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

तेज रफ्तार ट्रक ने पति-पत्नी को कुचला: मौके पर मौत, 4 साल का बेटा गंभीर; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया। घटना कुण्डा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सारंगढ़ निवासी कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। दोनों अपने 4 साल के बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। बाइक गिरते ही पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में उनका बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीण सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे।

Related Articles

Back to top button