देशभर में पब्लिक वाई-फाई के लिए एक पासवर्ड की तैयारी, बार-बार OTP से मिलेगी राहत

दिल्ली।देश में पब्लिक वाई-फाई के इस्तेमाल को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है।
इस सिस्टम के तहत अब यूजर्स को हर बार अलग-अलग हॉटस्पॉट पर लॉगिन के लिए OTP की जरूरत नहीं होगी। देशभर में मौजूद करीब 4 लाख पब्लिक वाई-फाई हॉटस्पॉट पर एक ही पासवर्ड या OTP से कनेक्ट किया जा सकेगा। Telecom Regulatory Authority of India (ट्राई) ने इस प्रस्ताव को लेकर परामर्श पत्र जारी कर आम लोगों और विशेषज्ञों से सुझाव मांगे हैं।
नई व्यवस्था में सुरक्षा को भी खास ध्यान दिया गया है। ‘वाई-फाई प्रोटेक्टेड एक्सेस 3’ (WPA3) जैसे आधुनिक सुरक्षा मानक लागू किए जाएंगे, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी UPI और डिजिटल पेमेंट सुरक्षित रहेंगे। यह सिस्टम खासकर उन यूजर्स के लिए फायदेमंद होगा जो बार-बार लॉगिन की परेशानी से जूझते हैं।
सरकार का उद्देश्य इस बार पब्लिक वाई-फाई को सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि एक टिकाऊ बिजनेस मॉडल बनाना भी है। पहले की योजनाएं, जैसे PM-WANI, यूजर बेस और कमाई के अभाव में ज्यादा सफल नहीं हो सकीं। नई योजना में विज्ञापन आधारित मॉडल, पेड प्लान और सब्सिडी जैसे विकल्प शामिल किए जा सकते हैं।
इसके अलावा, शहरों में हाई-स्पीड इंटरनेट और ग्रामीण इलाकों में कम लागत वाला ‘कम्युनिटी वाई-फाई’ मॉडल लागू करने की तैयारी है। फिलहाल भारत में केवल करीब 2% लोग ही पब्लिक वाई-फाई का उपयोग करते हैं, जबकि दक्षिण कोरिया, अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में यह आंकड़ा 50% से 80% तक है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सस्ता और सुलभ इंटरनेट न सिर्फ डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि मोबाइल नेटवर्क पर बढ़ते दबाव को भी कम करेगा और देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाएगा।





