StateNewsदेश - विदेश

भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से पलटा पिकअप, 16 मजदूरों की मौत, 6 बच्चे शामिल

दिल्ली। मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। करीब 50 मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

यह हादसा इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था। अचानक टायर फटने से चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर पर चढ़कर कई बार पलट गया। इसके बाद वह सड़क के दूसरी ओर जाकर एक स्कॉर्पियो से टकरा गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Back to top button