ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बालोद में सनसनी: 40 वर्षीय महिला और 25 साल के युवक ने एक ही पेड़ पर लगाई फांसी

बालोद। बालोद जिले में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला और युवक के शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटके मिले। घटना अर्जुंदा थाना क्षेत्र के गबदी गांव की बताई जा रही है। ग्रामीण जब खेत की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर दोनों शवों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संतोषी यादव और 25 वर्षीय थलेश खरांशु के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों एक ही गांव के निवासी थे। महिला शादीशुदा थी और उसका 19 साल का बेटा भी है। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच किसी प्रकार का संबंध रहा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक साथ दो लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

Related Articles

Back to top button