StateNewsदेश - विदेश

शिवाजी पर किताब को लेकर विवाद: शिवसेना विधायक की धमकी, ‘जीभ काट देंगे, किताब जला दो’ बयान से मचा बवाल

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज पर लिखी एक किताब को लेकर महाराष्ट्र में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने ‘शिवाजी कौन था?’ नाम की किताब के प्रकाशक को कथित तौर पर धमकी दी है। इस मामले का एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हुआ है, जिसमें विधायक अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

दरअसल, यह किताब कम्युनिस्ट नेता गोविंद पंसारे द्वारा लिखी गई थी, जिसमें शिवाजी महाराज के जीवन और विचारों को अलग नजरिए से प्रस्तुत किया गया है। विधायक का आरोप है कि किताब में ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है और इससे शिवाजी महाराज का अपमान होता है। बताया जा रहा है कि जब यह किताब उनके घर पहुंची और उन्होंने इसके कुछ अंश पढ़े, तो वे भड़क उठे।

वायरल ऑडियो में संजय गायकवाड़ कथित तौर पर प्रकाशक को फोन पर धमकाते हुए कहते हैं कि ऐसी किताबों को जला देना चाहिए और लेखक-प्रकाशक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि “जीभ काट देनी चाहिए”, जिससे विवाद और गहरा गया है।

इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता हर्षवर्धन सपकाल ने इसे गुंडागर्दी करार देते हुए मुख्यमंत्री से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

वहीं, ऑडियो वायरल होने के बाद विधायक ने स्वीकार किया कि आवाज उनकी ही है, लेकिन उन्होंने दावा किया कि क्लिप को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। फिलहाल, यह मामला राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।

Related Articles

Back to top button