StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026: ऑस्ट्रेलिया, भारत, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका खिताब की सबसे बड़ी दावेदार

दिल्ली। विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्रिकेट जगत की नजरें चार मजबूत टीमों पर टिकी हैं। मौजूदा फॉर्म, पिछले रिकॉर्ड, कप्तानी और टीम संतुलन के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, भारत, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है।

सबसे मजबूत दावेदार ऑस्ट्रेलिया है, जिसने अब तक खेले गए नौ टी-20 वर्ल्ड कप में छह बार ट्रॉफी जीती है। टीम का जीत प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक है, जो इस टूर्नामेंट में सबसे बेहतर रिकॉर्ड है। नई कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स के नेतृत्व में टीम सातवें खिताब के लक्ष्य के साथ उतरेगी। एलिस पेरी, बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर जैसी अनुभवी खिलाड़ी उसकी ताकत हैं।

भारत भी इस बार प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम 2025 का वनडे वर्ल्ड कप जीत चुकी है और अब टी-20 खिताब पर नजर है। भारत ने पिछले डेढ़ साल में सबसे ज्यादा टी-20 मुकाबले जीते हैं। स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम को संतुलन प्रदान करते हैं।

इंग्लैंड घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। 2009 में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम उसके बाद खिताब नहीं जीत सकी है। हालांकि टूर्नामेंट में उसका जीत प्रतिशत 75 प्रतिशत है, जो ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। कप्तान नैट सिवर-ब्रंट और ऑलराउंड खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम को मजबूत बनाती है।

वहीं साउथ अफ्रीका लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुकी है, लेकिन ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं रही। कप्तान लौरा वोल्वार्ट के नेतृत्व में टीम इस बार खिताबी सूखा खत्म करना चाहेगी। मजबूत बल्लेबाजी और अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण के दम पर साउथ अफ्रीका भी चैंपियन बनने की दौड़ में शामिल है।

चारों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, लेकिन मौजूदा आंकड़ों के आधार पर ऑस्ट्रेलिया और भारत सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button