ट्रंप के ‘भारत नर्क’ बयान पर बवाल: ईरान ने दिखाई हकीकत, कहा– “कभी इंडिया आकर देखो”

दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘भारत नर्क’ वाले बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे मामले में भारत के पुराने सहयोगी ईरान की भी जोरदार एंट्री हो गई है। ईरान ने ट्रंप के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें भारत की वास्तविक तस्वीर देखने की सलाह दी है।
ईरानी कॉन्सुलेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक 16 सेकंड का वीडियो साझा किया, जिसमें मुंबई की आधुनिकता और प्रकृति की खूबसूरती को दिखाया गया।
वीडियो में एक तरफ गगनचुंबी इमारतें, हाईवे और शहरी विकास नजर आता है, तो दूसरी तरफ पहाड़, झरने और हरियाली से भरपूर प्राकृतिक दृश्य दिखाए गए हैं। इस पोस्ट के जरिए ट्रंप को ‘कल्चरल डिटॉक्स’ यानी अपनी सोच बदलने का संदेश दिया गया। कॉन्सुलेट ने साफ तौर पर लिखा—“कभी इंडिया आकर देखो, फिर बोलना।”
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में भारत को ‘नर्क’ जैसा बताया था, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, कुछ ही समय बाद उन्होंने अपने बयान से यू-टर्न लेते हुए भारत को एक महान देश भी कहा, लेकिन तब तक उनकी टिप्पणी पर आलोचना तेज हो चुकी थी।
इस मुद्दे पर डेमाक्रेटिक पार्टी ने भी ट्रंप को घेर लिया है। पार्टी नेताओं ने उनके बयान को ‘नस्लवादी’ करार देते हुए कहा कि जब अमेरिका कई चुनौतियों से जूझ रहा है, तब ट्रंप सोशल मीडिया पर विभाजनकारी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। एक नेता ने कहा कि देश को गंभीर नेतृत्व की जरूरत है, न कि रियलिटी शो जैसी राजनीति की।
कुल मिलाकर, ट्रंप का यह बयान अब कूटनीतिक और राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है, जिसमें भारत के समर्थन में अंतरराष्ट्रीय आवाजें भी सामने आने लगी हैं।





