ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गुस्से में पति बना हैवान: पत्नी की हत्या कर सिर धड़ से किया अलग, गांव में घूमता रहा

कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद शव का सिर धड़ से अलग कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी वारदात के बाद पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा।

जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव ने अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या पारिवारिक विवाद के चलते की। शुरुआती जांच में चरित्र संदेह को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के समय घर में बच्चों की मौजूदगी भी बताई जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

आरोपी गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था और वहीं अपनी पत्नी व चार बच्चों के साथ रहता था। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी प्रतीक चर्तुवेदी के नेतृत्व में जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा।

इस जघन्य घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button