तमिलनाडु में बड़ा हादसा: टूरिस्ट वैन खाई में गिरी, 9 पर्यटकों की मौत; PM मोदी ने जताया शोक

दिल्ली। तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें केरल से आए पर्यटकों से भरी वैन खाई में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा वालपराई के पहाड़ी इलाके में वेलपराई-पोल्लाची हिल रोड के एक खतरनाक मोड़ पर हुआ। बताया जा रहा है कि वैन चालक 13वें हेयरपिन मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सीधे गहरी खाई में जा गिरी। वैन में केरल के मलप्पुरम जिले से आए पर्यटक सवार थे, जिनमें एक स्कूल के शिक्षक और उनके परिजन भी शामिल थे।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी हादसे पर शोक जताते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत को उजागर कर दिया है।



