ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आंबेडकर जयंती पर CM साय का नमन,समरस और न्यायपूर्ण समाज बनाने का लिया संकल्प

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानव अधिकारों के महान शिल्पी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके प्रयासों से देश को एक मजबूत और समावेशी संविधान मिला, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा, जागरूकता और संघर्ष के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे डॉ. आंबेडकर के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समरसता, भाईचारे और समानता के मूल्यों को मजबूत करें। साथ ही यह भी कहा कि राज्य सरकार बाबा साहब के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय और समानता पर आधारित एक सशक्त और समरस समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया, जिससे प्रदेश में समावेशी विकास को और गति मिल सके।

Related Articles

Back to top button