वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट,9 मजदूरों की मौत; 14 से ज्यादा झुलसे

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित प्लांट में बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की मौत हो गई और 14 से ज्यादा घायल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे अचानक तेज धमाके के साथ बॉयलर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। कई मजदूरों को गहरी चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी तैयारी की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बॉयलर में तकनीकी खराबी या दबाव अधिक होने की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और प्लांट प्रबंधन से सुरक्षा मानकों की जानकारी मांगी गई है।
इस हादसे के बाद श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने उद्योगों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच जारी है।





