मंदिर से शिवलिंग चोरी: जशपुर के नन्हेसर में चौंकाने वाली घटना, ग्रामीणों में आक्रोश

जशपुर। जशपुर जिले के ग्राम पंचायत नन्हेसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार रात चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने इस बार मंदिर से सामान नहीं, बल्कि शिवलिंग को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, अज्ञात चोर रात के समय मंदिर परिसर में घुसे और वहां स्थापित शिवलिंग को आधार से उखाड़कर ले गए। सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो शिवलिंग गायब देखकर हैरान रह गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को निशाना बनाया गया हो। वर्ष 2022 में भी इसी मंदिर से शिवलिंग चोरी हुई थी। उस समय भी पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका था। बाद में चोर ने कथित तौर पर पश्चाताप करते हुए खंडित शिवलिंग मंदिर परिसर में ही वापस रख दिया था।
लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण धार्मिक स्थलों की सुरक्षा खतरे में है। श्रद्धालुओं ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
मामले में सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



