ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से महिला को ब्लैकमेल: तस्वीरें एडिट कर वायरल करने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ की और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर परेशान किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला उतई थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार आरोपी राधेलाल माहरा ने इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। जैसे ही पीड़िता ने रिक्वेस्ट स्वीकार की, आरोपी ने उससे बातचीत शुरू कर दी। कुछ समय बाद उसने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर महिला को अश्लील तस्वीरें भेजनी शुरू कर दीं।

आरोपी ने पीड़िता की फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में बदल दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। वह लगातार अभद्र भाषा में मैसेज कर मानसिक दबाव बना रहा था। आरोपी ने शुरुआत में अपनी मांगें पूरी करने के लिए दबाव बनाया और धमकी दी कि मना करने पर और भी फोटो वायरल कर देगा।

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की मांगें मानने से इनकार किया और उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक संपर्क रखें और किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तुरंत शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button