खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का भव्य समापन: मैरी कॉम और बाइचुंग भूटिया की मौजूदगी में मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का आज शानदार समापन होने जा रहा है। 25 मार्च से शुरू हुए इस महाकुंभ का समापन समारोह राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
दिग्गज खिलाड़ियों का जमावड़ा
समापन समारोह में खेल जगत की दो महान हस्तियां विश्व चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम और भारतीय फुटबॉल के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। इन अंतरराष्ट्रीय सितारों की उपस्थिति जनजातीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के खेल परिदृश्य को नई पहचान देगी।
3 शहरों में हुआ सफल आयोजन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन प्रदेश के तीन प्रमुख केंद्रों रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 2000 जनजातीय एथलीटों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, खो-खो और कबड्डी जैसे पारंपरिक व आधुनिक खेलों में खिलाड़ियों ने अपना जौहर दिखाया।
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव करेंगे। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।
यह आयोजन न केवल जनजातीय खेलों को बढ़ावा देने में सफल रहा है, बल्कि इसने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल अधोसंरचना को भी राष्ट्रीय पटल पर प्रदर्शित किया है। शासन की इस पहल से ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मुख्यधारा में आने का बड़ा मंच मिला है।





