ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मजबूत बने,राज्यपाल रमेन डेका का आह्वान

रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे भिलाई के सेक्टर-4 स्थित एसएनजी ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इसे और अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय और जनोन्मुखी बनाने का आह्वान किया।

राज्यपाल डेका ने कहा कि व्यवस्थापिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बाद पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन और साधना है, जो समाज का दर्पण बनकर जनता और सरकार के बीच सेतु का काम करती है।

उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के तेजी से विस्तार ने सूचना के प्रसार को आसान तो बनाया है, लेकिन इससे विश्वसनीयता का संकट भी खड़ा हुआ है। फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बिना सत्यापन के खबरें वायरल हो रही हैं, जिससे ‘फेक न्यूज’ और ‘डीपफेक’ जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में पत्रकारिता को अपने मूल मूल्यों—सत्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी—की ओर लौटने की जरूरत है।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया। महिला पत्रकारों में शगुफ्ता शीरीन, अनुभूति भाखरे, कोमल धनेसर और साक्षी सोनी को सम्मान मिला। साथ ही समाजसेवी महिलाओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ पत्रकारिता ही स्वस्थ लोकतंत्र की नींव होती है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button