धुरंधर 2 ने दुनियाभर में 500 करोड़ कमाए, जवान-बाहुबली 2 और दंगल को पीछे छोड़ा

मुंबई। रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म ने महज तीन दिनों के भीतर दुनिया भर में 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर भारतीय सिनेमा के कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले शनिवार को जो कमाई की है, उसने ‘जवान’, ‘बाहुबली 2’ और ‘दंगल’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई
19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने शनिवार (तीसरे दिन) भारत में 113 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। पेड प्रीव्यू को मिलाकर फिल्म का कुल भारतीय कलेक्शन 339.27 करोड़ हो गया है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है, जहाँ इसने अब तक 96.50 करोड़ बटोर लिए हैं। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 501.04 करोड़ तक पहुंच गया है।
दिग्गज फिल्मों को पछाड़ा
फिल्म के हिंदी वर्जन ने शनिवार को अकेले ₹105 करोड़ कमाए। तुलनात्मक रूप से देखें तो:
- पुष्पा 2 (हिंदी): ₹88.20 करोड़
- जवान (हिंदी): ₹82.46 करोड़
- बाहुबली 2: ₹46.50 करोड़
- दंगल: ₹33.93 करोड़
‘धुरंधर 2’ ने इन सभी दिग्गज फिल्मों के ‘पहले शनिवार’ के रिकॉर्ड को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की स्टारकास्ट और बैकग्राउंड
रणवीर सिंह इस फिल्म में पाकिस्तान में सक्रिय एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्माण आदित्य धर और ज्योति देशपांडे ने किया है। याद दिला दें कि ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने भी 1,307 करोड़ की ऐतिहासिक कमाई की थी और यह भारत की सबसे सफल ‘A’ रेटेड फिल्म बनी थी।





