जशपुर को विकास की नई सौगात: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 19.51 करोड़ के 6 कार्यों का किया भूमिपूजन; ऑडिटोरियम और सड़कों से बदलेगी शहर की सूरत

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने गृह जिले जशपुर को विकास की बड़ी सौगात दी।
जशपुरनगर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन हेलीपैड के पास आयोजित कार्यक्रम में कुल 19 करोड़ 51 लाख 78 हजार रुपए की लागत वाले 6 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में आधुनिक ऑडिटोरियम, मुक्तिधाम और ग्रामीण क्षेत्रों की लाइफलाइन मानी जाने वाली सड़कों का निर्माण शामिल है।
शहर को मिलेगा आधुनिक ऑडिटोरियम, ग्रामीणों को पक्की सड़कें
मुख्यमंत्री ने नगर पालिका जशपुर के वार्ड क्रमांक 16 में 6.76 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ‘आधुनिक ऑडिटोरियम’ की आधारशिला रखी। इससे शहर में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। साथ ही, वार्ड क्रमांक 18 (भागलपुर) में 35.46 लाख रुपए की लागत से मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने 4 प्रमुख सड़कों का भूमिपूजन किया:
- चटकपुर-रेंगारबहार मार्ग (2.89 करोड़)
- कुनकुरी-औंरीजोर-पटेल पारा मार्ग (3.01 करोड़)
- रानीबंध-चिड़ाटांगर-उपरकछार मार्ग (3.29 करोड़)
- धुरीअम्बा-कटुखोसा मार्ग (3.18 करोड़)
बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
भूमिपूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर कोने में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना और ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना है।
इन सड़कों और भवनों के निर्माण से जशपुर के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।” इस अवसर पर जशपुर विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कई दिग्गज जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





