छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग में बड़ी भर्ती: 700 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू; CGPSC को भेजा गया प्रस्ताव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने 700 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल (लाइब्रेरियन) और क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सहायक प्राध्यापक के सर्वाधिक 625 पद
विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को 24 फरवरी 2026 को भर्ती का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसमें आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण कर लिया गया है। पदों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
प्रमुख विषयों जैसे हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, गणित, भौतिक, रसायन, वनस्पति और प्राणी शास्त्र के 50-50 पदों पर भर्ती होगी। वाणिज्य के 75, अर्थशास्त्र, इतिहास व भूगोल के 25-25, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 15 और विधि (Law) के 10 पद शामिल हैं। ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल है।
भर्ती की तैयारी और विज्ञापन
उच्च शिक्षा विभाग ने आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, पाठ्यक्रम और श्रेणीवार पदों की जानकारी आयोग को सौंप दी है। अब CGPSC अपनी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित करेगा।
अतिथि शिक्षकों का सहारा
जब तक नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए विभाग ने अतिथि प्राध्यापकों की व्यवस्था की है।
विभाग के अनुसार, वर्तमान में कार्यरत अधिकांश अतिथि शिक्षक नेट/सेट (NET/SET) क्वालिफाइड और पीएचडी धारक हैं, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
इस भर्ती से न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि कॉलेजों में रिक्त पड़े पदों को भरने से उच्च शिक्षा के स्तर में भी बड़ा सुधार आएगा।





