प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती 2023: 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी

रायपुर। प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती–2023 के अंतर्गत चयन प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। यह सूची छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा तथा दस्तावेज सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण में चयनित 251 अभ्यर्थियों में से कुछ द्वारा लिखित रूप से पद त्याग किया गया, कुछ अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे तथा कुछ ने नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
इन कारणों से कुल 28 प्रयोगशाला तकनीशियन पद रिक्त हो गए थे। इन्हीं रिक्त पदों के विरुद्ध प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
जारी अंतिम चयन सूची में सामान्य वर्ग के 21 अभ्यर्थी तथा भूतपूर्व सैनिक कोटे से 5 अभ्यर्थी शामिल हैं। सूची में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के अभ्यर्थियों को स्थान दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुछ पद आरक्षित श्रेणियों में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल रिक्त रखे गए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थापना के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होना अनिवार्य होगा। इसके लिए 12 फरवरी 2026 को कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, संचालनालय, तृतीय तल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर में प्रातः 10:30 बजे उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक मूल दस्तावेज एवं उनकी प्रतियां साथ लाने के लिए कहा गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होकर प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूर्ण करने की अपील की है।





