StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

2026 तक नक्सलवाद होगा समाप्त: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की नवीन आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्ला नार योजना ने बस्तर सहित पूरे प्रभावित क्षेत्रों में नया विश्वास जगाया है। माओवादी हिंसा के झूठे नारों से भटके लोग अब विकास और शांति की राह चुन रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बस्तर संभाग में चलाए जा रहे पूना मारगेम अभियान और दंतेवाड़ा जिले में लोन वर्राटू अभियान से प्रेरित होकर हाल ही में 71 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इनमें से 30 नक्सलियों पर पहले ही 50 हजार से 8 लाख रुपये तक के कुल 64 लाख रुपये के इनाम घोषित थे। यह संख्या सरकार की नीतियों की प्रभावशीलता और जनता के विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।

आत्मसमर्पित नक्सलियों को बेहतर जीवन की शुरुआत के लिए 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए हैं। इसके अलावा, नक्सल उन्मूलन नीति के तहत उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 1770 से अधिक माओवादी मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।

सीएम साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार का दृढ़ संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा और आत्मसमर्पित साथियों को सम्मानजनक पुनर्वास और बेहतर जीवन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बस्तर में बदलते माहौल पर भी प्रकाश डाला और कहा कि नक्सलवाद का अंधियारा अब धीरे-धीरे छंट रहा है। यह परिवर्तन बस्तर के उज्ज्वल भविष्य, विकास और शांति की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का सशक्त संकेत है। जनता का विश्वास और सरकार की योजनाएं मिलकर क्षेत्र में स्थायी शांति और समृद्धि लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Related Articles

Back to top button