ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री साय, नक्सल उन्मूलन पर हुई चर्चा

दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, नक्सल उन्मूलन अभियानों और अमृत रजत महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि माओवादी उन्मूलन के लिए राज्य सरकार की रणनीति ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 के बीच राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ें हुईं, जिनमें कई शीर्ष नक्सली मारे गए। इस अवधि में 445 नक्सली मारे गए, 1554 गिरफ्तार हुए और 1588 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘समन्वित विकास और सुरक्षा नीति’ के तहत सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के जरिए माओवाद प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में जुटी है। इससे नक्सल प्रभाव में कमी आई है और आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे माओवाद के खिलाफ निर्णायक कदम बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

बैठक में 1 नवंबर 2025 को आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के विकास में केंद्र के निरंतर सहयोग के लिए गृह मंत्री को धन्यवाद भी दिया।

Related Articles

Back to top button