पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में दंतेवाड़ा विज्ञान केन्द्र की तारीफ, CM विष्णुदेव साय ने सुना पीएम मोदी का संदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अपने निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सुना।
उन्होंने इस कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण और जनजागरण का मजबूत माध्यम बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बने विज्ञान केन्द्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि कभी जो क्षेत्र हिंसा और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, आज वहाँ के बच्चे थ्री-डी प्रिंटर और रोबोटिक कार जैसी तकनीकों से जुड़ रहे हैं।
यह प्रदेश के लिए गर्व की बात: सीएम
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “प्रधानमंत्री जी द्वारा दंतेवाड़ा विज्ञान केन्द्र की सराहना, प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह केन्द्र अब ग्रामीण और आदिवासी बच्चों को विज्ञान की दुनिया से जोड़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ न केवल प्रेरक है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी को भी बढ़ाता है। प्रधानमंत्री हर महीने के आखिरी रविवार को देशवासियों से इस माध्यम से संवाद करते हैं। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, खनिज विकास निगम अध्यक्ष सौरभ सिंह, और कई अधिकारी मौजूद थे।