
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सोमवार की रात बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। यह मामला नारायणपुर के बखरुपारा का है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता विक्रम बैस पर गोली चलाना शुरू कर दिया। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेता को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विक्रम बैस ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष के पद पर थे। घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। वहीं अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है।