Chhattisgarh: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की शादी की रस्में शुरू, कल लेंगे फेरे, रस्म और पारिवारिक माहौल की तस्वीरें सीएम ने की साझा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैत्नय की शादी की रस्में शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने रस्मों की कुछ तस्वीर साझा की। शादी पूरे छत्तीसगढ़िया विधि-विधान से की जा रही है। आज का डिनर भी प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का ही रहेगा।
नवा रायपुर के एक रिसॉर्ट में मुख्यमंत्री का परिवार पहुंच गया है। वहां सुबह से ही शादी की रस्में शुरू हुई हैं। सबसे पहले चुल-माटी की रस्म निभाई गईं। परिवार की महिलाओं ने मंडप के लिए मिट्टी खोदी। उसके बाद विधि-विधान और पूजन के साथ मंडप स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस रस्म और पारिवारिक माहौल की कुछ तस्वीरों को साझा करते हुए जानकारी दी है।
बताया जा रहा है, रविवार को प्रियंका गांधी भी विवाह समारोह में शामिल होने रायपुर आ सकती हैं। हालांकि अभी तक उनका अधिकारिक कार्यक्रम नहीं पहुंचा है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और सप्तगिरी शंकर उल्का शनिवार को ही रायपुर पहुंच गए हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला जैसे नेताओं का आना तय हो गया है। दूसरे राजनीतिक दलों के भी कुछ बड़े नेताओं के आने की संभावना जताई जा रही है।