कांग्रेस नेता से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले शोएब ढेबर पर 5 हजार का इनाम

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर पर रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
कार्यालय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र से जारी आदेश के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को यह नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार शोएब ढेबर लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा है। उसकी तलाश के लिए कई स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया।
बिश्नोई के नाम पर मांगी थी 25 करोड़ की रंगदारी
मामले में आरोप है कि आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जांच के दौरान कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर का नाम सामने आया था। पुलिस ने इससे पहले उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, लेकिन अब वह फरार बताया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनाम की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि जो व्यक्ति शोएब ढेबर को गिरफ्तार करेगा, गिरफ्तारी करवाएगा या उसकी गिरफ्तारी से संबंधित विश्वसनीय सूचना देगा, उसे 5 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इनाम देने का अंतिम निर्णय डीसीपी मध्य क्षेत्र, रायपुर का होगा।
दो कांस्टेबल लाइन अटैच
शोएब की तलाश के बीच पुलिस ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम पर भी कार्रवाई की है। दोनों को लाइन अटैच किया गया है। इन पर मामले से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप बताए जा रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।





