ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’: शाम 7 बजे जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल से होगी। इसके तहत प्रदेशभर में लोग अपने घरों में एक साथ दीप जलाएंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक है। इस पहल को केवल दीप जलाने तक सीमित न रखते हुए लोगों को किसी जरूरतमंद की मदद, बुजुर्गों के सम्मान, बच्चों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण या किसी अन्य सकारात्मक कार्य का संकल्प लेने का आग्रह किया गया है।

एक दीप के साथ सेवा का संकल्प

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि जब गांवों, कस्बों और शहरों में घर-घर एक साथ दीप जलेंगे, तो यह जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प का संदेश देगा। अभियान का उद्देश्य समाज के अलग-अलग वर्गों को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।

इस दौरान ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ के जरिए भी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, किसान और कलाकार अपनी क्षमता के अनुसार समाज के लिए योगदान दे सकते हैं। उन्होंने अपील की कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार एक दीप जलाए और साथ में सेवा का एक संकल्प भी ले।

Related Articles

Back to top button