अबूझमाड़ के आखिरी गांव तक पहुंचेंगी सड़क, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं: नारायणपुर में मंत्रियों ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

112 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश; पीएम जनमन के अधूरे आवासों को प्राथमिकता, पर्यटन से जुड़ेंगी स्व-सहायता समूह की महिलाएं
नारायणपुर। नारायणपुर जिले के दूरस्थ और जनजातीय इलाकों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार ने विभागों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मंत्रियों ने साफ कहा कि स्वीकृत कामों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी। खास तौर पर अबूझमाड़ के दुर्गम गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया।
112 पंचायतों में अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश
वन मंत्री केदार कश्यप ने व्हीबी-जी राम जी योजना के तहत जिले की सभी 112 ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मुक्तिधाम, बालिका शौचालय और अन्य सामुदायिक सुविधाओं का निर्माण जल्द पूरा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पीएम जनमन के आवासों पर भी फोकस
बैठक में पीएम जनमन के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति के पात्र परिवारों के लिए स्वीकृत आवासों की स्थिति जानी गई। मंत्रियों ने अधूरे मकानों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टावरों की स्थापना और संचालन के बचे कामों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
पर्यटन से महिलाओं को मिलेगा रोजगार
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्थानीय पर्यटन स्थलों और जलप्रपातों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल करने पर जोर दिया गया। इससे महिलाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर बन सकेंगे। किसानों को धान खरीदी प्रक्रिया के साथ आदान सहायता योजना की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने बताया कि डीएफ फंड से जिले में 34 प्राथमिक शालाएं संचालित हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषण लड्डू भी वितरित किए जा रहे हैं। बैठक में मंत्रियों ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।





