ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत अपने सशक्त लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली के लिए विश्वभर में जाना जाता है। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी के साथ अपनी सहभागिता निभाए। मताधिकार केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में नागरिकों का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।

मुख्यमंत्री ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत, जीवंत और प्रभावी बनता है।

सीएम साय ने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण में प्रत्येक मत की अपनी विशेष महत्ता होती है। एक-एक वोट देश की दिशा और दशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसलिए सभी नागरिकों को अपने बहुमूल्य मताधिकार का प्रयोग पूरी जागरूकता, निर्भीकता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए एक सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनेंगे।

Related Articles

Back to top button