ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के जेएनएम मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं 20 MBBS सीटें: अब 250 छात्रों को मिलेगा एडमिशन

NMC ने 2026-27 सत्र के लिए दी मंजूरी; स्वास्थ्य मंत्री बोले- प्रदेश के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति (जेएनएम) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 20 नई सीटें बढ़ा दी गई हैं।

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीटों की संख्या 230 से बढ़ाकर 250 करने की अनुमति दे दी है। इससे प्रदेश के अधिक छात्रों को राज्य में ही मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा।

MARB की ओर से 10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन के अनुसार, पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी से संबद्ध जेएनएम मेडिकल कॉलेज अब 250 छात्रों को एमबीबीएस में प्रवेश दे सकेगा। यह कॉलेज प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का प्रमुख संस्थान माना जाता है।

जेएनएम मेडिकल कॉलेज की स्थापना वर्ष 1963 में 60 सीटों के साथ हुई थी। इसके बाद समय-समय पर प्रवेश क्षमता बढ़ाई गई। पहले सीटें 100 हुईं, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 सत्र से 250 सीटों तक पहुंच गई हैं। इससे कॉलेज की प्रवेश क्षमता अब तक चार गुना से अधिक बढ़ चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सीटों में वृद्धि से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और उन्हें एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उनके प्रयासों को भी दिया।

Related Articles

Back to top button