156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी नौकरी का मौका: मुख्यमंत्री साय बोले- खेल प्रतिभाओं को देंगे आधुनिक सुविधाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लंबित आवेदनों पर विचार करते हुए 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई। अब इस सूची को अधिसूचना जारी करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा।
अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से इस निर्णय का इंतजार कर रहे थे। सरकार का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुसार नियुक्ति का लाभ मिलेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की उपलब्धियों का लाभ नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी मिलना चाहिए। इसलिए चयनित खिलाड़ियों की सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और मार्गदर्शन में भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है। इसके लिए प्रतिभाओं की समय पर पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि अब तक प्रदेश में 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। इस बार निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है। सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना पर भी लगातार काम कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।





