शकीरा के ‘Hips Don’t Lie’ का आया राजस्थानी वर्जन: 24 घंटे में इंटरनेट पर छाया रीमिक्स, फैंस बोले- देसी तड़का कमाल का

दिल्ली। पॉप स्टार शकीरा का सुपरहिट गाना ‘हिप्स डोंट लाइ’ एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग है। 21 साल पुराने इस मशहूर गाने को राजस्थानी लोकगीत ‘मोरुड़ा’ के साथ मिलाकर नया रीमिक्स वर्जन तैयार किया गया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।
15 अगस्त को रिलीज हुए ‘Hips Don’t Lie X Moruda’ को इस्माइल लांगा ग्रुप ने तैयार किया है। यह गाना शकीरा को समर्पित किया गया है। इस रीमिक्स में शकीरा के लोकप्रिय पॉप सॉन्ग को राजस्थानी लोक संगीत, पारंपरिक गायन और स्थानीय संस्कृति के साथ जोड़कर नया रूप दिया गया है।
वीडियो में राजस्थानी कलाकार पारंपरिक अंदाज में शकीरा के गाने को गाते हुए दिखाई दे रहे हैं। लोक संगीत और अंतरराष्ट्रीय पॉप के इस अनोखे मिश्रण को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
इंटरनेट पर लोग इस गाने की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे भारतीय लोक संगीत और वैश्विक पॉप संस्कृति का बेहतरीन मेल बताया है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि यह रीमिक्स भारतीय संगीत की विविधता को दुनिया के सामने पेश करता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस गाने को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर लोग इस गाने पर रील्स बना रहे हैं। कई कंटेंट क्रिएटर्स ने इसे साल का सबसे दिलचस्प म्यूजिक एक्सपेरिमेंट बताया है।
यह पहला मौका नहीं है, जब शकीरा के किसी गाने को राजस्थानी लोक संगीत के साथ जोड़ा गया हो। इससे पहले उनके लोकप्रिय गीत ‘वाका-वाका’ का भी राजस्थानी रीमिक्स तैयार किया गया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। अब ‘हिप्स डोंट लाइ’ का देसी अंदाज भी इंटरनेट पर छाया हुआ है।





