एयरपोर्ट पर अचानक चली गोली, 2 कर्मचारी घायल: लाइसेंसी पिस्टल से फायर होने पर टर्मिनल में मची अफरातफरी

दिल्ली। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को सुरक्षा जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। एक कर्मचारी के पैर में, जबकि दूसरे के हाथ में गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, एक यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। यात्री के पास लाइसेंसी असलहा था, जिसे विमान में ले जाने की अनुमति नहीं थी। सुरक्षा जांच के दौरान उसे अपना हथियार जमा कराने के लिए कहा गया।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री हथियार की मैगजीन निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद यात्री और कर्मचारी कुछ देर के लिए घबरा गए।
घटना में घायल हुए दोनों कर्मचारियों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मैगजीन निकालते समय गलती से ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया।
हालांकि, अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार किस स्थिति में था और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।





