ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दीपक टंडन पर एक और FIR, कोयला ठेके के नाम पर 27.90 लाख की ठगी का आरोप

कोरबा/रायपुर। होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रायपुर, बिलासपुर और सक्ती के बाद अब कोरबा में भी उनके खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। कोयला का ठेका दिलाने के नाम पर 27 लाख 90 हजार रुपए लेने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। यह उनके खिलाफ छठी FIR है।

दीपका थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-9 निवासी अंकित सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके पिता महेंद्र सिंह के साथ वर्ष 2020 में 27.90 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई थी। इस मामले में दीपका थाने में अपराध क्रमांक 160/2020 दर्ज कराया गया था। बाद में दीपक टंडन ने समझौते के लिए शपथ पत्र देकर 5 लाख रुपए तत्काल लौटाने और बाकी रकम धीरे-धीरे देने का भरोसा दिलाया था।

5 लाख का चेक बैंक में मिला होल्ड

अंकित के मुताबिक, 20 मई 2023 को दीपक टंडन ने 5 लाख रुपए का चेक दिया, लेकिन बैंक में जांच कराने पर पता चला कि चेक पर पहले से होल्ड लगा था। इसके बाद उन्होंने रकम वापस मांगी। आरोप है कि 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान भी पैसे जमा कराने का आश्वासन दिया गया।

बुधवारी चौक पर बुलाकर धमकाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 4 बजे दीपक टंडन ने अपने परिचित के जरिए अंकित को दीपका के बुधवारी चौक बुलाया। यहां रकम मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि डर के कारण उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की। हाल ही में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दोबारा पुलिस से संपर्क किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button